Uttrakhand

अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर ऋषिकेश में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस (International Day of Clean Air for Blue Skies) के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश के तत्वावधान में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल में “क्लीन एयर अवेयरनेस प्रोग्राम” आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच स्लोगन और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.एस. भंडारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों, स्वच्छ हवा के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, पैदल चलने और साइकिल चलाने को बढ़ावा देने, कचरा कम करने तथा ऊर्जा संरक्षण जैसे उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान महापौर शंभू पासवान ने विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने और अपने शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया गया।