Uttrakhand

श्रमिक अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे हैं: सतपाल महाराज

पोखड़ा (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड पोखड़ा मुख्यालय में श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शिविर में पहुंचकर क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया तथा जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।

सोमवार को पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय के ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। सड़क निर्माण, भवन निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य श्रम आधारित कार्यों में श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

“श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, विकास की नई इबारत लिखता है”

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है। सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर उसका नवीनीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है। इनमें श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य कल्याणकारी सहायता शामिल हैं।

शिविरों से कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

सतपाल महाराज ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का सबसे बड़ा लाभ यह है कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। विभाग द्वारा सुविधाओं को सीधे श्रमिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सोच व्यवस्था को केवल कार्यालयों तक सीमित रखने की नहीं, बल्कि जनता के द्वार तक सुविधाएं पहुंचाने की है।

महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रमिक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने श्रमिकों से भी अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपने दस्तावेजों और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी रखें तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहें।

कार्यक्रम में पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाई, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एस.पी. शाह, विधायक प्रतिनिधि प्रभूशरण बुडाकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का पुष्पगुच्छ और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।