सामाजिक सौहार्द के मुद्दे पर भाजपा एससी मोर्चा का प्रदेशव्यापी धरना, कांग्रेस से मांगा दलित-वंचित समाज के लिए किए कार्यों का हिसाब
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने सोमवार को सामाजिक सौहार्द और सम्मान के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा एससी मोर्चा के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरने आयोजित किए गए।
देहरादून में गांधी पार्क में आयोजित धरने में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, समान अवसर और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान को लेकर अपनी बात रखी।

कांग्रेस से मांगा दलित और वंचित समाज के लिए कार्यों का हिसाब
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक सम्मान, समानता और सौहार्द का मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक ताने-बाने और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा विषय है।
वक्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान दलित, वंचित और पिछड़े समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कौन-कौन से ठोस कदम उठाए गए।
भाजपा नेताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाए कि उसके शासनकाल में डॉ. अंबेडकर के विचारों को संस्थागत रूप से आगे बढ़ाने और वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।
सामाजिक समरसता को मजबूत करने का दावा
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जनता का अधिकार है और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के साथ सवालों का जवाब दें। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कहा कि उसका उद्देश्य समाज में विभाजन पैदा करना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समान अवसर, आपसी सम्मान और सबको साथ लेकर चलने की भावना को मजबूत करना है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। सामाजिक सौहार्द तभी मजबूत होगा, जब राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता दी जाए।
भाजपा एससी मोर्चा के अनुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित धरना-प्रदर्शनों के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे, समानता और सम्मान का संदेश दिया गया। मोर्चा ने कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों के सम्मान तथा सामाजिक समरसता के लिए उसकी आवाज आगे भी जारी रहेगी।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’, विनय गोयल, विधायक विनोद चमोली, रणजीत सिंह जाखी, दयाराम और धीरज भंडारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
