Uttrakhand

रुद्रप्रयाग में भाजपा एससी मोर्चा का धरना, कांग्रेस पर समाज को भ्रमित करने का आरोप

रुद्रप्रयाग, 7 सितंबर। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से सोमवार को कांग्रेस के कथित झूठे प्रचार के विरोध में रुद्रप्रयाग मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द एवं समरसता का संकल्प लेते हुए कांग्रेस पर अनुसूचित जाति समाज को भ्रमित और विभाजित करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति समाज को भ्रमित करने और समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिसकी भाजपा अनुसूचित मोर्चा कड़ी निंदा करता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में अनुसूचित समाज के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब देने का आह्वान किया।

 

भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ मिलने का दावा

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्ष लाल ने कांग्रेस पर अनुसूचित समाज को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के लोगों को सम्मान देने के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कोरोना काल से जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर पुष्पा पासवान, कार्यक्रम संयोजक सुषमा देवी, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, भाजयुमो गढ़वाल सहसंयोजक विकास डिमरी, अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री अमित कुमार, देवेंद्र प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष भोपाल लाल, सुनील टम्टा, दलजीत भारती, मिथिला देवी, मंजू धरवान, कुंवर सत्यार्थी, महेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।