देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल, 53 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले
देहरादून।
भारत केसरी
देहरादून पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार 53 निरीक्षक, उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित/नियुक्त किया गया है।

तबादला सूची में थाना प्रभारियों से लेकर चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं में तैनात पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कई अधिकारियों को एक थाने से दूसरे थाने भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन, एसआईएस शाखा और शिकायत प्रकोष्ठ जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सूची के अनुसार निरीक्षक विनोद गुसाईं को थाना पटेलनगर से थाना डालानवाला का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं निरीक्षक नरेश राठौर को थाना प्रेमनगर से थाना पटेलनगर की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक संतोष कंवर को शिकायत प्रकोष्ठ से थाना कैंट भेजा गया है।
इसके अलावा निरीक्षक नरेंद्र गहलावत को थाना डालानवाला से थाना मसूरी और निरीक्षक देवेंद्र चौहान को थाना मसूरी से थाना नेहरू कॉलोनी भेजा गया है। निरीक्षक प्रदीप रावत को थाना सहसपुर से शिकायत प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फेरबदल हुआ है। थानाध्यक्ष क्लेमेनटाउन, सेलाकुई, बसंत विहार, नेहरू कॉलोनी, रायपुर, सहसपुर, प्रेमनगर और विकासनगर समेत कई थानों एवं चौकियों के अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
आदेश में पूर्व में किए गए कुछ स्थानांतरणों को निरस्त किए जाने का भी उल्लेख है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

