सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा चलाएगी राष्ट्रव्यापी अभियान
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में एक माह का राष्ट्रव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” चलाएगी। उत्तराखंड में यह अभियान प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संचालित होगा, जिसके तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को भाजपा संभाग कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है।
भट्ट ने बताया कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इन वर्षों में गरीब कल्याण, अंत्योदय, सुशासन, पारदर्शिता, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति और विकसित भारत के संकल्प को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा इस अभियान को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे समाज सेवा और जनभागीदारी के व्यापक अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ेंगे।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम से होगा। इसके तहत बूथ और घरों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।
अभियान के दौरान “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत”, “नमो सेवा गाथा”, “आंगन का उत्सव”, “कहानी बदलाव की”, “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “सेवा मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, “रंगोली राष्ट्र” और “राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ ही रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, डिजिटल साक्षरता और सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रतीप जनोटी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या तथा मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक भुवन जोशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा ने किया।

