रायपुर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, चार आरोपी गिरफ्तार
देहरादून।
भारत केसरी
रायपुर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूर्व में हुए विवाद की रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला किया था। वारदात के बाद से ही चारों आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर की रात वाणी विहार चौक स्थित राधा कृष्ण मंदिर के बाहर शशांक शर्मा खड़ा था। इसी दौरान राहुल पाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शशांक के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान शशांक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार महंत इंदिरेश अस्पताल में चल रहा है।
घटना के संबंध में शशांक की बहन हिमांशी शर्मा की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 8 सितंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुरानी चुंगी, रायपुर रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन के दिन शशांक शर्मा और उसके साथियों से उनका विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश के चलते शशांक पर जानलेवा हमला किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:
राहुल पाल, निवासी ओल्ड डालनवाला, देहरादून
विनय पाल, निवासी ओल्ड डालनवाला, देहरादून
आशीष पाल, निवासी ओल्ड डालनवाला, देहरादून
समीर, निवासी रिस्पना, डालनवाला, देहरादून
रायपुर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

