दिव्यांगजनों की प्रतिभा और उपलब्धियों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान..
उत्कृष्ट कर्मचारी, स्व-रोजगार में रत दिव्यांग, सेवायोजक और खिलाड़ी कर सकेंगे आवेदन
देहरादून, 08 सितंबर 2026।
समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों की प्रतिभा, दक्षता और उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न श्रेणियों में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि 03 दिसंबर 2026 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में चयनित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए उत्कृष्ट एवं दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, स्व-रोजगार में रत दिव्यांग व्यक्ति, दिव्यांगजनों के सेवायोजक/प्लेसमेंट अधिकारी तथा उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, नवीनतम फोटो, विस्तृत बायोडाटा अथवा जीवनी, विशेष उपलब्धियों से संबंधित अभिलेख और संस्तुति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आवेदक को 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ-पत्र भी देना होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि उसे पूर्व में किसी राज्य स्तरीय पुरस्कार का लाभ नहीं मिला है।
पात्र आवेदकों को आवेदन एवं आवश्यक अभिलेख तीन मूल प्रतियों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार तैयार कर जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, 26 ईसी रोड, सर्वे चौक के समीप, देहरादून में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
समाज कल्याण विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों एवं संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करें।

