CM UTTRAKHANDUttrakhand

विजयदशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी दशहरा पर्व की शुभकामनाएं, कहा— श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी एवं दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर सदाचार, सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में समाज और राष्ट्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति अहंकार से मुक्त होकर सत्य के मार्ग पर चले। साथ ही, प्रदेश और देश में सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने के लिए मिल-जुलकर प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। भगवान श्रीराम के आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर व्यक्ति न केवल अपने जीवन को सार्थक बना सकता है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी योगदान दे सकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस पावन अवसर पर भगवान श्रीराम से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि हर घर में खुशहाली आए और प्रदेश में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण बना रहे।