जनता की समस्याओं पर धामी सख्त, अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश
नगला तराई और लोहियाहेड में मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, कहा— आमजन को कार्यालयों के चक्कर काटने से मिलेगी राहत
ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले में अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से संतुष्टि मिले।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फरजाना बेगम, सुरेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पाण्डे, सतीश भट्ट और भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति और एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
