मुंबई के वैश्विक मंच पर गूंजा ऋषिकेश की रंभा नदी का मुद्दा, महापौर शम्भू पासवान ने उठाई संरक्षण और पुनर्जीवन की मांग
मुंबई के वैश्विक मंच पर गूंजा ऋषिकेश की रंभा नदी का मुद्दा, महापौर शम्भू पासवान ने उठाई संरक्षण और पुनर्जीवन की मांग
3rd World Mayor Meeting में शहरी नदी प्रबंधन पर रखे विचार; बोले—प्राकृतिक जलधाराओं का संरक्षण सतत विकास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल
ऋषिकेश/मुंबई। ऋषिकेश की पर्यावरणीय धरोहर रंभा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन का मुद्दा अब वैश्विक मंच पर भी पहुंच गया है। मुंबई के होटल फेयरमॉन्ट में आयोजित दो दिवसीय 3rd World Mayor Meeting में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शम्भू पासवान ने नदी के संरक्षण का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने शहरी विकास के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को सुरक्षित रखने और नदियों के पुनर्जीवन के लिए संस्थागत समन्वय को जरूरी बताया।

देश-विदेश से आए महापौरों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण विशेषज्ञों की मौजूदगी में महापौर ने शहरी नदी प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति आधारित समाधानों पर ऋषिकेश के अनुभव साझा किए।
‘शहरी विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी जरूरी’
बैठक के ‘City Perspective-I’ सत्र में वक्ता के रूप में शामिल हुए महापौर शम्भू पासवान ने रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल बुनियादी ढांचे के विस्तार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरणीय संतुलन को भी शहरी नियोजन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने नदियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अविरल बनाए रखने के साथ प्रकृति आधारित समाधानों को अपनाने की आवश्यकता पर भी विचार रखे।
महापौर ने कहा कि ऋषिकेश की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। रंभा नदी जैसी स्थानीय जलधाराओं को बचाना केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि शहर के सतत विकास और भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से भी जुड़ा है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ साझा हुए विचार
इस सत्र का संचालन राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) के राहुल सचदेवा ने किया। इसमें राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के उप महानिदेशक नलिन श्रीवास्तव, ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान, अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के यशवीर भटनागर और NIUA के शैलो एक्विफर मैनेजमेंट (SAM) कार्यक्रम के प्रमुख उदय भोंडे सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए।
सत्र में शहरी नदी प्रबंधन, नदी संरक्षण, प्रकृति आधारित समाधान और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
रंभा नदी के संरक्षण को वैश्विक मंच पर मिली जगह
दो दिवसीय बैठक में रंभा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन का मुद्दा उठाकर महापौर ने ऋषिकेश की स्थानीय पर्यावरणीय प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखा।
इस पहल के जरिए शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने, स्थानीय जलधाराओं को पुनर्जीवित करने तथा प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की जरूरत रेखांकित की गई।

