बारिश में बिजली गुल होने की टेंशन खत्म! ₹1.50 करोड़ की नई लाइन से चार गांवों को मिलेगी राहत
रायवाला से हरिपुर कला तक बिजली आपूर्ति होगी मजबूत, ₹1.50 करोड़ की कवर्ड कंडक्टर और 33 KV लाइन का लोकार्पण
बरसात और आपातकाल में बिजली गुल होने की समस्या से मिलेगी राहत; रायवाला, प्रतीत नगर, गौहरी माफी और खांड गांव की हजारों की आबादी को मिलेगा फायदा
ऋषिकेश/रायवाला, 27 नवंबर 2026। रायवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ₹1.50 करोड़ की लागत से तैयार विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला विद्युत सब स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में रायवाला से हरिपुर कला तक स्थापित कवर्ड कंडक्टर और 33 केवी विद्युत लाइन का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने डॉ. अग्रवाल का फूल-मालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति का मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे विशेष रूप से बरसात और आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

चार ग्राम सभाओं के हजारों लोगों को मिलेगी राहत
लोकार्पण कार्यक्रम में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई विद्युत लाइन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि रायवाला से हरिपुर कला तक वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति का रास्ता तैयार होने से आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति बहाल रखने में मदद मिलेगी।
प्रतीत नगर के ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने बताया कि पहले आईडीपीएल से जंगल के रास्ते रायवाला तक आने वाली विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने या नदी के तेज बहाव से नुकसान पहुंचने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो जाती थी।
इसका असर रायवाला, प्रतीत नगर, गौहरी माफी और खांड गांव सहित चार ग्राम सभाओं पर पड़ता था। हजारों लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता था। अब नई लाइन जुड़ने से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध होगी और आपात स्थिति में विद्युत आपूर्ति जारी रखने में मदद मिलेगी।

‘विकास कार्यों को प्राथमिकता देना विधायक की कार्यशैली’
रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर धरातल पर उतारना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विद्युत विभाग की कनिष्ठ अभियंता नीतू सिंह, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, गौहरी माफी ग्राम प्रधान ज्योति सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित खंकरियाल सहित राजेंद्र तिवारी, राहुल अग्रवाल, सुषमा नाकोटी, शिवानी बिष्ट, मनोज डंगवाल, कमल सिंह नेगी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुभम मनराल और अजय साहू समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
