District Social Welfare DepartmentWorld Disability Day 2025

एनआईईपीवीडी और जिला समाज कल्याण विभाग ने उत्साहपूर्वक मनाया विश्व दिव्यांगता दिवस 2025

एनआईईपीवीडी और जिला समाज कल्याण विभाग ने उत्साहपूर्वक मनाया विश्व दिव्यांगता दिवस 2025
देहरादून में भव्य समारोह, उत्कृष्ट दिव्यांगजन एवं संस्थानों को राज्य स्तरीय सम्मान

देहरादून, 03 दिसंबर 2025 (सू.वि)।
विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) तथा जिला समाज कल्याण विभाग, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर छात्रावास परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल तथा विशिष्ट अतिथि विधायक कैंट सविता कपूर ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भावनात्मक और सौहार्दपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के सदस्य अमित डोभाल, अनीता शास्त्री, नीरजा गोयल, ज्योति सजवाण एवं विजय सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।

संस्थान के उद्देश्य और दिव्यांगजन सशक्तिकरण पर चर्चा

सहायक प्रोफेसर डॉ. सुरेन्द्र धालवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और दृष्टि-दिव्यांगजनों के समग्र सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। आदर्श विद्यालय के छात्र अरहान सिद्दीकी ने विश्व दिव्यांगता दिवस के महत्व को प्रभावी ढंग से व्यक्त किया।


मुख्य अतिथि ने संस्थान के प्रयासों की सराहना की

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि संस्थान दृष्टि-दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अनुकरणीय कार्य कर रहा है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सक्षम एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार कर रहा है।

विशिष्ट अतिथि सविता कपूर ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दिव्यांगजन जिस दृढ़ता से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहे हैं, वह प्रेरणादायक है।

समाज में समावेशन और संवेदनशीलता पर जोर

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने समाज में सम्मान, समावेशन और संवेदनशीलता बढ़ाने पर बल दिया। इसी क्रम में जनपद देहरादून से चयनित राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025 वितरित किए गए।

राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025 – विजेता सूची

दक्ष दिव्यांग कर्मचारी श्रेणी:

राजेश्वर प्रसाद उनियाल

अशोक कुमार

सोमति देवी

दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी श्रेणी:

संदीप रावत

स्वतः रोजगार श्रेणी:

संजय सिंह

मुकेश कुमार

जावेद अली

परमजीत सिंह

दिनेश शर्मा

सेवायोजक संस्था (देहरादून):

दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन

नीतू बिगिनिंग फाउंडेशन सोसाइटी, उत्तराखंड
(इन संस्थाओं ने राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में सहभाग किया।)

सहायतात्मक उपकरणों का वितरण और समापन

मुख्य अतिथि द्वारा गतिशील दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम का समापन डॉ. विनोद कैन के धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

मंच संचालन चेतना गोला एवं सतेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. सुरेन्द्र धालवाल एवं दीपांकर घिल्डियाल द्वारा किया गया।

समारोह के दौरान कम्युनिटी रेडियो “एनआईवीएच हैलो दून” पर संस्थान के दिव्यांग रेडियो प्रस्तुतकर्ताओं ने कई लाइव प्रसारण कर दिव्यांगता जागरूकता का संदेश समाज तक पहुँचाया।

कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, नीतू साहनी, अंजना भगत, सभी शिक्षक, कर्मचारी, प्रशिक्षु और दिव्यांगजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिससे पूरा परिसर उत्साह और गर्व से गूँज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *