तेलंगाना सीएम का देवी–देवताओं का अपमान कांग्रेस आलाकमान की शह पर : भाजपा
तेलंगाना सीएम का देवी–देवताओं का अपमान कांग्रेस आलाकमान की शह पर : भाजपा
सीएम रेड्डी के बयान से साबित—कांग्रेस हिन्दू विरोधी और मुस्लिम परस्त पार्टी : भट्ट
देवी–देवताओं के अपमान पर तुरंत माफी मांगे सीएम रेड्डी और गांधी परिवार : भाजपा
देहरादून, 3 दिसंबर।
भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंता रेड्डी द्वारा देवी–देवताओं को लेकर दिए गए बयान को “घोर आपत्तिजनक और हिन्दू आस्था के सीधे अपमान” के रूप में करार देते हुए कांग्रेस आलाकमान से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक बार फिर सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस पार्टी हिन्दू विरोधी और मुस्लिम तुष्टिकरण वाली पार्टी है।

“गांधी परिवार के निर्देश पर हो रही बयानबाज़ी” — भट्ट
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और मुख्यमंत्रियों के लगातार आते विवादित बयान उनकी हिन्दू विरोधी मानसिकता को उजागर करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व वोट बैंक मजबूत करने के लिए मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा है, और इसी रणनीति के तहत इस तरह की बयानबाज़ी करवाई जाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंता रेड्डी की देवी–देवताओं पर की गई “अपमानजनक और अश्लील टिप्पणी” न केवल हिंदू आस्था पर हमला है, बल्कि सनातन परंपराओं के मूल सिद्धांतों का भी अपमान है।

“कांग्रेस हमेशा मुस्लिम वोट बैंक के आगे झुकी पार्टी”
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस हमेशा मुस्लिम वोटों के आगे झुकती आई है।
उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी रेवंत रेड्डी खुद कह चुके हैं कि “कांग्रेस एक मुस्लिम पार्टी है”—जो उनकी मानसिकता को स्पष्ट करता है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की हिंदुओं के प्रति नफरत उजागर होने के बाद समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है।
उन्होंने सवाल उठाया—
“क्या सनातन समाज विभाजित रहकर अपमान सहता रहेगा या एकजुट होकर अपनी शक्ति दिखाएगा?”
कांग्रेस नेतृत्व से सामूहिक माफी की मांग
भट्ट ने कहा कि जब कांग्रेस अपने मंत्री से एक “SIR” लिखने भर पर इस्तीफा मांग सकती है, तो फिर मुख्यमंत्री के लगातार विवादित और अपमानजनक बयानों पर चुप्पी क्यों साधी हुई है?
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री और नेता बिना ऊपरी निर्देशों के ऐसे बयान नहीं दे सकते।
भट्ट ने स्मरण कराया कि इससे पहले भी रेवंता रेड्डी “बिहारी डीएनए” और “कांग्रेस मुस्लिमों की पार्टी” जैसे बयान दे चुके हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि देश–दुनिया के सामने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर हो चुका है और हिंदुओं के वोट नहीं मिलने की हताशा में कांग्रेस मुस्लिम समाज के तुष्टिकरण की दिशा में सुनियोजित रणनीति के तहत ऐसे बयान दिलवा रही है।
