धराली आपदा समेत सभी घटनाओं पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार : सूर्यकांत धस्माना
धराली आपदा समेत सभी घटनाओं पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार : सूर्यकांत धस्माना
जान–माल के नुकसान, राहत व पुनर्वास का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग


https://www.facebook.com/share/v/17VjBRDJUf/
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने राज्य में वर्ष 2025 के दौरान धराली–हर्सिल, थराली, देवाल सहित सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान और राहत कार्यों पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को जान–माल की हानि, राहत, पुनर्वास और खर्च का विस्तृत ब्यौरा तत्काल सार्वजनिक करना चाहिए।
कर्नल अजय कोठियाल का सम्मान करती है कांग्रेस—वायरल बयान पर सफाई उन्हें ही देनी चाहिए
पत्रकारों से बातचीत में श्री धस्माना ने कहा कि धराली आपदा पर कर्नल अजय कोठियाल का सोशल मीडिया में वायरल हुआ बयान उनका व्यक्तिगत वक्तव्य है और उसकी जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। कांग्रेस की प्रतिक्रिया स्वाभाविक थी, क्योंकि उनकी बातों ने गंभीर प्रश्न खड़े किए थे।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ त्रासदी के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कर्नल कोठियाल को पुनर्निर्माण का दायित्व सौंपा था, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत से निभाया। इसलिए कांग्रेस आज भी उनका सम्मान करती है।
धस्माना ने कहा—
“कर्नल कोठियाल के वायरल बयान की वास्तविकता वही स्पष्ट कर सकते हैं, क्योंकि उन्होंने अपनी कही बातों का खंडन नहीं किया है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि यह वीडियो एक शैक्षणिक सेमिनार का है। ऐसे में उनकी कही बातों की सच्चाई वे स्वयं ही बताएं।”
कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल धराली पहुंचा—आपदा पीड़ितों से ली जा रही जानकारी
श्री धस्माना ने बताया कि कर्नल कोठियाल द्वारा उठाई गई चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल बुधवार देर शाम धराली–उत्तरकाशी रवाना हुआ।
इस दल में आपदा के समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे श्री करण माहरा सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को दिनभर आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहा है।
धराली मामले में सही आंकड़े जारी करे सरकार—कांग्रेस की पुरानी मांग दोहराई
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही यह मांग करती रही है कि—
धराली आपदा में कितनी मौतें और कितने लोग लापता हैं,
कुल कितना नुकसान हुआ है,
अब तक किसे कितनी राहत दी गई है,
इन सभी तथ्यों को सरकार पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक करे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार लगातार मौन है, जो पीड़ितों के प्रति संवेदनहीनता दर्शाता है।
