डीएम के निर्देश पर जनपद के जनसेवा केंद्रों पर छापेमारी जारी
डीएम के निर्देश पर जनपद के जनसेवा केंद्रों पर छापेमारी जारी
ऋषिकेश में जन सेवा केंद्र सील; भारी अनियमितताएं उजागर
देहरादून, दिनांक 07 दिसंबर 2025 ।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर जनपद में संचालित विभिन्न जन सेवा केंद्रों पर निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर द्वारा ऋषिकेश के वीरपुर खुर्द, पशुलोक क्षेत्र में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), आईडी—144112520013 का औचक निरीक्षण किया गया।

बोर्ड पर एक नाम—आईडी किसी और के नाम पर; संचालन पर गंभीर सवाल
निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर के बोर्ड पर संचालक के रूप में विभा नामदेव का नाम प्रदर्शित है तथा बोर्ड पर विभा नामदेव एवं आर. नामदेव का मोबाइल नंबर अंकित है, जबकि CSC आईडी मनीषा नामदेव के नाम पर पंजीकृत है। तथ्य यह भी सामने आया कि विभा नामदेव, आर. नामदेव की पुत्री हैं एवं वर्तमान में विवाह पश्चात हरिपुरकलां में निवासरत हैं।
यह जानकारी संचालक की पात्रता और वास्तविक संचालन को लेकर गंभीर शंका उत्पन्न करती है।
मूल दस्तावेजों का बड़ा जखीरा बरामद; पंजिका का संधारण भी नहीं
निरीक्षण के दौरान केंद्र से निम्न संवेदनशील दस्तावेज मूल रूप में बड़ी संख्या में पाए गए—
-
9 आधार कार्ड
-
3 राशन कार्ड
-
3 श्रमिक कार्ड
-
1 आयुष्मान कार्ड
-
कई व्यक्तियों के बैंक पासबुक
-
बीपीएल सर्वेक्षण 2002 के खाली कार्ड
संचालक विभा एवं आर. नामदेव पूछताछ में इन दस्तावेजों के पास होने का संतोषजनक कारण प्रदान नहीं कर सके। पंजिका का संधारण भी नहीं किया गया था।
प्रशासन ने इसे मूल दस्तावेजों के दुरुपयोग की संभावित आशंका के रूप में देखा है।
केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील किया गया
गंभीर अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आदेशों के अगले निर्णय तक संबंधित CSC केंद्र के संचालन पर रोक लगाते हुए केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
डीएम ने दी कड़ी चेतावनी
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा—
“जन सेवा केंद्र आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता, मूल दस्तावेजों का अनुचित संधारण या बिना कारण दस्तावेज अपने पास रखना गंभीर लापरवाही है। नागरिकों की सुरक्षा और संवेदनशील दस्तावेजों की गोपनीयता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद के सभी जन सेवा केंद्रों की व्यापक जांच कराई जाएगी और जहां भी अनियमितताएं पाई जाएंगी, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
