Skip to content
हरदा की माल्टा पार्टी पर भाजपा का तंज: “कांग्रेसी माल्टा रसहीन, स्वाद भी राजनीतिक तौर पर फीका” – भट्ट

देहरादून, 8 दिसंबर।
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ‘माल्टा पार्टी’ पर तीखा कटाक्ष किया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि “कांग्रेसी माल्टाओं में न जूस है और न ही उनमें से कोई सकारात्मक राजनीतिक स्वाद निकलने वाला है। यदि कुछ निकलेगा भी तो सिर्फ हार का कसैला स्वाद ही मिलेगा।”

भट्ट ने कहा कि पूर्व सीएम रावत की बातों में जनता के मुद्दों की अपेक्षा माल्टा से ‘डेनिस’ जैसी शराब ब्रांड बनाने की चिंता अधिक दिखती है।
“कांग्रेस धरातल पर नहीं, सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय”
हरदा की माल्टा पार्टी में दिए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस आज विचारहीन और मुद्दाविहीन पार्टी बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा—
“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनता की अधिकतर आकांक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय ले चुकी है। शेष मुद्दों पर भी जनता को हमारी सरकार पर भरोसा है, जबकि कांग्रेस नेताओं में अब जनता से जुड़े सवाल उठाने का साहस तक नहीं रहा।”
भट्ट के अनुसार कांग्रेस के पास वास्तविक मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह कभी माल्टा, कभी नींबू और कभी पहाड़ी अनाजों के नाम पर सोशल मीडिया इवेंट करके सुर्खियाँ बटोरने की कोशिश करती है।
“कांग्रेसी माल्टा अब रसहीन, न जोश बचा न जूस”
भट्ट ने तीखा तंज करते हुए कहा—
“अब कांग्रेसी माल्टाओं से कोई जूस नहीं निकलने वाला है। जब उनमें जोश और जूस था, तब उससे भ्रष्टाचार की ‘डेनिस’ बनती थी। अब भी पूर्व सीएम का ध्यान माल्टा किसानों की बजाय अपने पुराने कुख्यात शराब ब्रांड जैसे उत्पादों पर अधिक है।”
भट्ट ने हरदा को सुझाव देते हुए कहा कि कांग्रेस में न ऊर्जा बची है और न उत्साह, अतः चाहे जितना जोर लगा लें, परिणाम 2017 की तरह कड़वे ही आने वाले हैं।
“जनता विकास के मीठे स्वाद का आनंद ले रही है”
भट्ट ने दावा किया कि आज प्रदेश की जनता अपनी मेहनत और भाजपा सरकार की नीतियों के कारण विकास का मीठा स्वाद चख रही है।
उन्होंने कहा—
“कांग्रेस के लिए 2027 में हरदा का ‘राजनीतिक माल्टा जूस’ भी 2017 जैसी कड़वाहट ही लेकर आएगा।”