DEHRADUN

राजमार्गों पर गंदगी पर जिलाधिकारी की सख्ती, बीएनएसएस धारा 152 के तहत आपराधिक नोटिस

राजमार्गों पर गंदगी पर जिलाधिकारी की सख्ती, बीएनएसएस धारा 152 के तहत आपराधिक नोटिस
देहरादून, 13 दिसम्बर 2025 
राष्ट्रीय राजमार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े-कचरे को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। हरिद्वार बाईपास रोड पर रिस्पना पुल से लच्छीवाला, भानियावाला टोल, एयरपोर्ट रोड, लालतप्पड़ क्षेत्र, रायवाला अंडरपास, ग्राम प्रतीतनगर, रायवाला रेलवे स्टेशन एवं नेशनल हाईवे सर्विस रोड के दोनों ओर अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को बीएनएसएस धारा 152 (पूर्व धारा सीआरपीसी 133) के तहत आपराधिक नोटिस जारी किए गए हैं।

 

 

जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर व ऋषिकेश द्वारा कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक एनएचएआई, प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून, अधिशासी अभियंता एनएच खंड डोईवाला को नोटिस जारी कर 07 दिन के भीतर पूर्ण सफाई और स्थायी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इन अधिकारियों को 19 दिसम्बर 2025 को एसडीएम न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश हैं। अनुपालन न होने पर एकपक्षीय आदेश एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिसमें 6 माह तक कारावास का प्रावधान है।
तहसीलदार डोईवाला की टीम के निरीक्षण में पुष्टि हुई कि कूड़े के ढेरों से पर्यावरण व भूजल प्रदूषण, संक्रामक रोगों का खतरा तथा वन्यजीवों (बंदर-हाथी) की आवाजाही से जन-सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह स्थिति लोक मार्ग पर न्यूसेन्स की श्रेणी में आती है।
इसी क्रम में रायवाला क्षेत्र—पुराना रेलवे रोड, ग्राम प्रतीतनगर, रायवाला रेलवे स्टेशन एवं नेशनल हाईवे सर्विस रोड—पर गंदगी की शिकायतों पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई, सहायक वन सरक्षक, अधिशासी अभियंता लोनिवि ऋषिकेश, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एवं रेलवे अधीक्षक रायवाला को भी बीएनएसएस धारा 152 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संबंधित उपक्रमों को 19 दिसम्बर 2025 तक कूड़े का पूर्ण निस्तारण कर फोटोग्राफ सहित अनुपालन आख्या न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *