किफायती आवास से हरियाली तक, एमडीडीए बदल रहा देहरादून की तस्वीर
किफायती आवास से हरियाली तक, एमडीडीए बदल रहा देहरादून की तस्वीर
पीआरएसआई राष्ट्रीय अधिवेशन में एमडीडीए के स्टाल ने खींचा देशभर के प्रतिनिधियों का ध्यान
देहरादून।
पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा लगाए गए स्टाल ने देशभर से आए जनसंपर्क, संचार एवं मीडिया विशेषज्ञों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। एमडीडीए की आवासीय, पर्यावरणीय और शहरी विकास योजनाओं को प्रतिभागियों ने सराहा और देहरादून के योजनाबद्ध विकास मॉडल में गहरी रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में प्राधिकरण देहरादून को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-संतुलित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। आम आदमी के अपने घर के सपने को साकार करने के लिए एमडीडीए किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहा है।
आवासीय योजनाओं को मिल रही नई गति
शहर की बढ़ती आबादी और बदलती शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एमडीडीए ने आवासीय परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाया है। हाल ही में नए आवासीय प्रोजेक्ट्स के लिए लैंड बैंक तैयार करने का निर्णय लिया गया है, जिससे भविष्य में किफायती आवासों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
आईएसबीटी और आमवाला तरला जैसी सफल आवासीय योजनाओं के बाद अब धौलास आवासीय परियोजना पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट नगर और सहस्रधारा रोड क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी वर्ग के लिए आवासीय योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे समाज के सभी वर्गों को आवास का लाभ मिल सके।

