Uttarakhand Forest Department

मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने को ग्रामीणों से संवाद बढ़ाने के निर्देश

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने की वन विभाग के कार्यों की समीक्षा
मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने को ग्रामीणों से संवाद बढ़ाने के निर्देश
वनाग्नि से निपटने को अभी से तैयारी, कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण हों – मंत्री
देहरादून, 16 दिसंबर 2025 
वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने राजपुर रोड स्थित राज्य वन मुख्यालय में वन विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष को प्रभावी ढंग से कम करने हेतु ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने, वनाग्नि की रोकथाम के लिए अभी से तैयारी करने तथा विभागीय कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

वन मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बढ़ाकर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को न्यूनतम करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर लिए गए निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा वन सुरक्षा, संरक्षण एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि वन्यजीवों की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाए। पम्पलेट, बैनर, होर्डिंग्स एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। आबादी क्षेत्रों से वन्यजीवों को दूर रखने हेतु सोलर लाइट, पिंजरे एवं अन्य आधुनिक उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया जाए। किसी भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना पर संबंधित एसडीओ एवं डीएफओ तत्काल मौके पर पहुंचें।
मा0 मंत्री ने प्रदेश में हक-हकूक की समय-सारिणी एवं स्वीकृति प्रक्रिया की शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कीड़ा-जड़ी संरक्षण, विपणन एवं वानिकी उत्पादन बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना के तहत कार्य करने को कहा। उन्होंने नर्सरी एवं वृक्षारोपण योजनाओं का एक्शन प्लान विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने तथा ईको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही पेड़ काटने की अनुमति एवं प्रजातियों में छूट से संबंधित प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।
वन मंत्री ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत विभागीय कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। जायका एवं कैंपा योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है, जिसका समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मा0 मंत्री ने शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग द्वारा तैयार की गई एसओपी को तत्काल लागू करने तथा शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, एचओएफएफ श्री रंजन मित्र, पीसीसीएफ श्री बी.पी. गुप्ता, श्री कपिल लाल, श्री सुबुद्धि सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं वर्चुअल माध्यम से सभी जनपदों के डीएफओ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *