CRIME NEWS

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति से दून पुलिस को बड़ी सफलता

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति से दून पुलिस को बड़ी सफलता
एनडीपीएस एक्ट में फरार 10 हजार का ईनामी वांछित अभियुक्त हम्माद गिरफ्तार
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दुबई से लौटते समय गिरफ्तारी
कोरियर व यूपीआई के जरिये करता था नशे की सप्लाई व लेन-देन
देहरादून (सू.वि.)
मा0 मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड 2025 के विजन को साकार करने के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पुलिस को नशा तस्करों के विरुद्ध बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत फरार चल रहे 10 हजार रुपये के ईनामी वांछित अभियुक्त हम्माद अली को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त दुबई से भारत लौटते समय लुक आउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर हिरासत में लिया गया।
दिनांक 28 अप्रैल 2024 को थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा फन एंड फूड, बिधोली के पास से रजत भाटिया, क्रिश गिरोठी एवं शिवम अरोड़ा को 43 ग्राम एलएसडी एवं 06 ग्राम स्मैक (कॉमर्शियल मात्रा) के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया था कि उन्हें यह मादक पदार्थ हम्माद अली द्वारा कोरियर के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता था तथा भुगतान यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता था।
पूछताछ में प्रकाश में आए अभियुक्त हम्माद की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार था तथा दुबई में रह रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अभियुक्त के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी कराया गया तथा ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया।
दिनांक 15.12.2025 को अभियुक्त हम्माद अली के दुबई से दिल्ली पहुंचने की सूचना मिलने पर थाना प्रेमनगर पुलिस टीम द्वारा उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त हम्माद अली ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्तों की मांग पर एलएसडी एवं स्मैक कोरियर के माध्यम से सप्लाई करता था तथा इसकी कीमत अपने बैंक खाते में यूपीआई के जरिए प्राप्त करता था। 
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
हम्माद अली पुत्र नावेद अली
निवासी: मकान संख्या 3/1181, खान आलमपुरा, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
हाल निवासी: बेंगलुरु, कर्नाटक
उम्र: 26 वर्ष
पूर्व में गिरफ्तार सह-अभियुक्त
  1. रजत भाटिया पुत्र अशोक भाटिया, निवासी हकीकत नगर, थाना सदर, सहारनपुर (उ.प्र.)
  2. क्रिश गिरोठी पुत्र स्व. प्रवीण गिरोठी, निवासी ईदगाह, चकराता रोड, थाना प्रेमनगर, देहरादून
  3. शिवम अरोड़ा पुत्र अशोक अरोड़ा, निवासी हकीकत नगर, थाना सदर, सहारनपुर (उ.प्र.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *