कांग्रेस मुख्यालय में मनाया गया 1971 बांग्लादेश मुक्ति संग्राम का विजय दिवस
कांग्रेस मुख्यालय में मनाया गया 1971 बांग्लादेश मुक्ति संग्राम का विजय दिवस
इंदिरा गांधी की राजनीतिक इच्छाशक्ति से पाकिस्तान के हुए दो टुकड़े – गणेश गोदियाल

देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और भारतीय सेना के अदम्य साहस ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए और बांग्लादेश का जन्म हुआ। यह विश्व इतिहास में भारतीय सेना की वीरता, देशप्रेम और बलिदान का अतुलनीय उदाहरण है।

श्री गोदियाल यह बातें प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा आयोजित विजय दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कह रहे थे। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान के पूर्वी हिस्से में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और दमन चरम पर था तथा वहां की जनता जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही थी, तब इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश मुक्ति वाहिनी का साथ देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि उस दौर में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति निक्सन द्वारा सातवां बेड़ा भेजने की धमकी के बावजूद इंदिरा गांधी ने जो राजनीतिक साहस दिखाया, वह आज भी पूरे देश को प्रेरणा देता है। श्री गोदियाल ने कहा कि आज जब बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं, तब भारत सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है, जबकि 1971 में भारत ने निर्णायक भूमिका निभाई थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने अग्निपथ योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना से भारतीय सेना की मजबूती प्रभावित हुई है और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव उत्तराखंड पर पड़ा है, क्योंकि आबादी के अनुपात में यहां से सबसे अधिक युवा सेना में जाते रहे हैं। उन्होंने 1971 सहित सभी युद्धों में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने पूर्व सैनिक विभाग को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड सैनिकों और सैन्य अधिकारियों का सबसे बड़ा योगदान देने वाला राज्य है। उन्होंने बताया कि जब उत्तराखंड उत्तर प्रदेश का हिस्सा था, तब 1971 के युद्ध में इस क्षेत्र के 250 से अधिक सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने गढ़वाल, कुमाऊं और गोरखा रेजिमेंट को देश की शान बताया तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु अन्य राज्यों की योजनाओं का अध्ययन करने के लिए समिति गठित करने का सुझाव दिया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डाबर ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियां सेना को मजबूत करने के बजाय कमजोर कर रही हैं और अग्निवीर योजना भविष्य में गंभीर परिणाम लाएगी।

