traffic police

सड़क सुरक्षा सप्ताह 2025 के तहत दून पुलिस ने ओएनजीसी में चलाया यातायात जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा सप्ताह 2025 के तहत दून पुलिस ने ओएनजीसी में चलाया यातायात जागरूकता अभियान
अधिकारियों-कर्मचारियों को यातायात नियमों व गुड सेमेरिटन कानून की दी जानकारी
देहरादून, 18 दिसम्बर 2025।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में आज दिनांक 18-12-2025 को पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह–2025 के अंतर्गत ओएनजीसी संस्थान भवन परिसर में यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

 

शिविर के दौरान निरीक्षक यातायात देहरादून जितेन्द्र जोशी द्वारा ओएनजीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को विशेष रूप से वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, ओवरस्पीडिंग से होने वाले जोखिम, तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त विभिन्न यातायात संकेतों एवं चिन्हों की व्याख्या करते हुए सड़क पर सुरक्षित एवं अनुशासित वाहन संचालन की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) कानून की जानकारी रही। पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को अब किसी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार द्वारा ऐसे नागरिकों को संरक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है, ताकि गोल्डन आवर के दौरान घायलों को समय पर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई जा सके।
शिविर में उपस्थित ओएनजीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दून पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ओएनजीसी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *