Indian Standards Bureau

बीआईएस ने देहरादून में साइबर सुरक्षा और सूचना अखंडता पर सेमिनार का आयोजन

बीआईएस ने देहरादून में साइबर सुरक्षा और सूचना अखंडता पर सेमिनार का आयोजन
देहरादून, 18 दिसंबर 2025।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा बुधवार को देहरादून में “मानकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा और सूचना अखंडता को सुदृढ़ करना” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य उत्तराखंड राज्य सरकार के विभागों में आईएस/आईएसओ/आईईसी 27001:2022 के अनुरूप सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (ISMS) के प्रभावी कार्यान्वयन को बढ़ावा देना रहा।

 

सेमिनार का उद्घाटन श्री सौरभ तिवारी, प्रमुख एवं निदेशक, बीआईएस देहरादून ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल शासन के वर्तमान युग में सरकारी तंत्र और नागरिकों के डेटा की सुरक्षा के लिए सूचना सुरक्षा मानकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।
तकनीकी सत्र में श्री जी. रामा मूर्ति, लीड ऑडिटर एवं सूचना सुरक्षा विशेषज्ञ ने सार्वजनिक प्रशासन में सूचना सुरक्षा और साइबर लचीलापन (Resilience) पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. वी. चंद्रशेखर, प्रख्यात साइबर एवं सूचना सुरक्षा विशेषज्ञ ने आईएसएमएस के प्रभावी कार्यान्वयन तथा शासन एवं जोखिम प्रबंधन ढांचे के साथ इसके एकीकरण को साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की कुंजी बताया।
बीआईएस अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को बीआईएस प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन योजनाओं तथा आईएस/आईएसओ/आईईसी 27001:2022 के कार्यान्वयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
सेमिनार में उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों — इसरो (आरएस), उत्तराखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र, समाज कल्याण विभाग, विधिक मापविज्ञान विभाग, सीआरपीएफ, पीडब्ल्यूडी, आईआईटी रुड़की, आईटीडीए उत्तराखंड, यूपीसीएल, आईसीएफआरई, एफसीआई सहित अन्य प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का समापन संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने सरकारी संगठनों में साइबर सुरक्षा की तैयारियों को सुदृढ़ करने की दिशा में बीआईएस की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *