एमडीडीए आईएसबीटी मॉल में शुरू हुआ मल्टीप्लेक्स, यात्रियों और शहरवासियों को मिला नया मनोरंजन केंद्र
देहरादून | मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की पहल से आईएसबीटी देहरादून अब एक आधुनिक ट्रांजिट–कम–एंटरटेनमेंट हब के रूप में विकसित हो रहा है। आईएसबीटी मॉल में आज से मल्टीप्लेक्स की शुरुआत हो गई है, जिससे यात्रियों और शहरवासियों को एक ही परिसर में यात्रा, खरीदारी और मनोरंजन की सुविधा मिलने लगी है।



एमडीडीए द्वारा आईएसबीटी परिसर के अधिग्रहण के बाद यहां व्यापक सुधार कार्य किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं का उन्नयन और चिल्ड्रन पार्क जैसी कई पहलें की गई हैं। देशभर से आने वाले यात्रियों द्वारा इन सुविधाओं की सराहना की जा रही है। एमडीडीए का लक्ष्य आईएसबीटी को देश के टॉप–टेन आधुनिक बस टर्मिनलों में शामिल करना है।
आईएसबीटी मॉल में शुरू हुए इस मल्टीप्लेक्स का संचालन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से चयनित माइक्रोमल्टीप्लेक्स कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यहां अब दर्शक बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों का आनंद ले सकेंगे। आने वाले समय में शॉपिंग मॉल, विभिन्न दुकानें और फूड कॉर्नर भी शुरू किए जाएंगे, जिससे परिसर की उपयोगिता और बढ़ेगी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आईएसबीटी परिसर का समग्र विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। मल्टीप्लेक्स की शुरुआत से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में आईएसबीटी देहरादून मॉल को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और बहु–उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
वहीं, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के तहत मल्टीप्लेक्स का संचालन शुरू किया गया है। आईएसबीटी मॉल में चरणबद्ध रूप से नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षा और संचालन मानकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं मिल सकें।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि वह जन–सुविधाओं के विस्तार और नियोजित शहरी विकास के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
