Dehradun Cantt AssemblyMussoorie Dehradun Development Authority

एमडीडीए की पहल से शहर विकास को नई दिशा, देहरादून कैंट क्षेत्र में पार्कों का सौंदर्यीकरण पूर्ण

देहरादून | मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा शहर विकास को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य शहरी हरित क्षेत्रों का विस्तार, नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना और पर्यावरण–अनुकूल विकास को बढ़ावा देना है।

देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर कराए गए इन विकास कार्यों का लोकार्पण आज विधायक सविता कपूर द्वारा विधिवत रूप से किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम को क्षेत्र में हरित वातावरण सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

एमडीडीए द्वारा साईंलोक कॉलोनी (जीएमएस रोड) में पार्क सौंदर्यीकरण कार्य ₹20.68 लाख, इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी (जीएमएस रोड) में ₹28.94 लाख तथा माया एन्क्लेव में ₹20.84 लाख की लागत से कराए गए कार्यों का लोकार्पण किया गया। परियोजनाओं के अंतर्गत हरियाली का विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की व्यवस्था, पैदल पथ, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

विधायक सविता कपूर ने एमडीडीए के जनहितकारी विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहरी विकास का वास्तविक स्वरूप तभी साकार होता है, जब नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हों। पार्क शहर के “ग्रीन लंग्स” होते हैं, जो पर्यावरण संतुलन के साथ–साथ सामाजिक जीवन को भी समृद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि इन सौंदर्यीकरण कार्यों से बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग, टहलने, खेल और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिला है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण शहर विकास को समग्र दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहा है, जिसमें बुनियादी ढांचे के साथ–साथ सार्वजनिक स्थलों का उन्नयन भी शामिल है। पार्कों का सौंदर्यीकरण नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूरे किए गए हैं।

वहीं, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर सुविधाएं विकसित की गई हैं और भविष्य में भी चरणबद्ध रूप से ऐसे कार्य जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में एमडीडीए के मुख्य अभियंता हरिचन्द्र सिंह राणा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने एमडीडीए द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे शहर के सौंदर्य और जीवन–स्तर में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *