सार्वजनिक सुविधाओं के लिए रात में सशर्त सड़क खुदाई की अनुमति, मानकों की निगरानी करेगी क्यूआरटी : डीएम
देहरादून, 19 दिसंबर 2025 (सू.वि.) | जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल संस्थान, यूपीसीएल, यूएसडीडीए, एडीबी, टाटा, वोडाफोन, एयरटेल सहित 10 विभागों एवं संस्थानों द्वारा प्रस्तुत 63 नए और 22 पुराने प्रस्तावों पर गहन विचार–विमर्श किया गया। ये प्रस्ताव सीवर लाइन, पेयजल लाइन, विद्युत लाइन और फाइबर केबल को भूमिगत करने से संबंधित थे।
जिलाधिकारी ने चल रही परियोजनाओं को निर्धारित मानकों और शर्तों के अनुसार शीघ्र पूर्ण करने की अनुमति दी। वहीं, क्रिसमस और नववर्ष को देखते हुए नई परियोजनाओं के सार्वजनिक सुविधा से जुड़े आवश्यक कार्यों को 02 जनवरी के बाद ही अनुमति देने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोगिता से जुड़े कार्यों जैसे बिजली, पेयजल, सीवरेज और गैस पाइपलाइन को भूमिगत करने के लिए रात्रि में सड़क खुदाई की सशर्त अनुमति दी जाएगी। इन सभी कार्यों की निगरानी प्रशासन की क्यूआरटी द्वारा की जाएगी। सीओ ट्रैफिक और क्यूआरटी को निर्देश दिए गए कि मानकों के उल्लंघन पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने चेताया कि अनुमति से अधिक खुदाई, गड्ढे खुले छोड़ने या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध जब्ती और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां रात में खुदाई होगी, वहां सुबह तक गड्ढा भरान अनिवार्य होगा। साथ ही खुदाई स्थल पर बैरिकेडिंग और साइनबोर्ड लगाना भी जरूरी होगा। मुख्य मार्गों पर कार्य रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही करने की अनुमति दी गई है, जबकि कुछ आंतरिक मार्गों पर ही दिन में कार्य की छूट रहेगी।
डीएम ने कहा कि सभी एजेंसियां पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर कार्यों को शीघ्र पूरा करें। निर्माण कार्य समाप्ति के बाद डब्ल्यूपीएम कर सड़क को वाहनों के योग्य बनाना अनिवार्य होगा। जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल ब्लैकटॉप कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निर्माण के दौरान सुरक्षा, बैरिकेडिंग और साइट सुपरविजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में देरी या अव्यवस्था से जनता को असुविधा होने पर संबंधित विभागों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही डीएम ने पेयजल, विद्युत, यूएसडीडीए, एडीबी एवं अन्य संस्थानों को आपसी समन्वय से योजनाओं को क्लब कर एक ही स्थान पर निर्माण करने के निर्देश दिए, ताकि बार–बार सड़क खुदाई से बचा जा सके और जनता को सुविधा मिल सके।
बैठक में एसडीएम कुमकुम जोशी, लोनिवि अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत सहित समिति के सदस्य और विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
