उत्तराखंड वर्चुअल बाजार

महिलाओं को मंच और अवसर मिले तो वह दुनिया बदल सकती हैं : गरिमा मेहरा दसौनी

देहरादून।
उत्तराखंड कांग्रेस की महिला नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यदि महिलाओं को उचित मंच और अवसर मिलें, तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकती हैं, बल्कि समाज और राज्य की तस्वीर भी बदल सकती हैं। वह उत्तराखंड वर्चुअल बाजार (यूवीबी) के उड़ान फेस्ट – अध्याय 7 के उद्घाटन अवसर पर लीची बाग, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

गरिमा मेहरा दसौनी ने उड़ान फेस्ट की आयोजक टीम, उपस्थित महिला उद्यमियों, कारीगर बहनों, कलाकारों और स्टार्टअप से जुड़ी महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यूवीबी उड़ान फेस्ट जैसे मंच महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान देने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण केवल चर्चा का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है, तो उसका प्रभाव केवल स्वयं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार, समाज और राज्य सशक्त होता है।

गरिमा ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएँ हमेशा से आत्मनिर्भर और संघर्षशील रही हैं—चाहे खेतों की जिम्मेदारी हो, परिवार को संजोने का दायित्व हो या पहाड़ की कठिन परिस्थितियों में जीवन को आगे बढ़ाने का साहस। आज वही महिलाएँ कारीगर से उद्यमी, हुनर से ब्रांड और संघर्ष से सफलता की ओर आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि यूवीबी उड़ान फेस्ट केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि पहचान, आत्मविश्वास और सपनों का मंच है। यह उन महिलाओं के लिए अवसर है, जिन्होंने अपने हुनर को घर की चारदीवारी में सहेज कर रखा था और आज उसे बाज़ार से जोड़ने का माध्यम मिला है।

महोत्सव में हस्तशिल्प, हथकरघा, जैविक उत्पाद, फैशन, कला, संस्कृति और स्टार्टअप की नई सोच देखने को मिल रही है, जिसकी सबसे बड़ी विशेषता महिला नेतृत्व है। यही नए भारत और नए उत्तराखंड की वास्तविक तस्वीर है।

अंत में गरिमा मेहरा दसौनी ने यूवीबी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यूवीबी ने महिला सशक्तिकरण को केवल शब्दों में नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्थानीय उत्पादों को अपनाएँ, महिला उद्यमियों का समर्थन करें और इस दो दिवसीय महोत्सव का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *