अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस की जन जागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ
अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस की जन जागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ
सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा ने दिखाई यात्रा को हरी झंडी, बोले—अग्निपथ योजना ने उत्तराखंड की आर्थिकी पर की बड़ी चोट

देहरादून।
अग्निपथ–अग्निवीर योजना के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा चलाई जा रही जन जागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में चल रही यात्रा के पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए करण माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना ने देश की सैन्य व्यवस्था को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ उत्तराखंड की आर्थिकी पर भी गहरी चोट की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐसा राज्य है, जहाँ युवाओं के लिए सेना भर्ती सबसे बड़ा और सम्मानजनक रोजगार का साधन रही है, लेकिन अग्निपथ योजना लागू होने के बाद युवाओं के सपने टूट गए हैं।
करण माहरा ने कहा कि उत्तराखंड का युवा देश की रक्षा और सेवा भावना के साथ सेना में भर्ती होने के लिए वर्षों तक कठिन परिश्रम करता था, जिससे न केवल वह देश सेवा करता था बल्कि अपने परिवार के जीवन यापन का भी सहारा बनता था। अग्निपथ योजना के बाद सेना के प्रति युवाओं का आकर्षण कम हुआ है, अग्निवीर भर्ती को लेकर नकारात्मक रुख पैदा हुआ है, जिसका सीधा असर बेरोजगारी बढ़ने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। उन्होंने कर्नल नेगी व उनकी टीम को यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर सेना और सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें सत्ता और वोट की राजनीति के लिए सेना के नाम का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन व्यवहार में अग्निपथ जैसी योजना लाकर चार साल की अग्निवीर भर्ती के जरिए सेना की शक्ति को कमजोर कर रही हैं। साथ ही उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों के लिए बने उपनल के कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने अग्निपथ योजना को देश की सैन्य शक्ति को कमजोर करने वाली विनाशकारी योजना बताया।
पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि जन जागरण यात्रा के पहले चरण में गढ़वाल क्षेत्र में युवाओं और आम जनता से जबरदस्त समर्थन मिला। लोगों ने अग्निपथ योजना के दुष्परिणामों को गंभीरता से सुना और सहमति जताई। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
20 दिसंबर को सांय रामनगर पहुँचकर रात्रि विश्राम,
21 दिसंबर को प्रातः रामनगर में रैली व रात्रि विश्राम रानीखेत,
22 दिसंबर को प्रातः रानीखेत में रैली व रात्रि विश्राम अल्मोड़ा,
23 दिसंबर को प्रातः अल्मोड़ा में रैली व रात्रि विश्राम हल्द्वानी,
24 दिसंबर को प्रातः बिंदुखत्ता में रैली और दोपहर बाजपुर में रैली के बाद देहरादून के लिए प्रस्थान।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सुजाता पॉल, शिवांगी मिश्रा, पंकज क्षेत्री, आर.पी. ध्यानी, लेफ्टिनेंट सहदेव शर्मा, गोपाल सिंह गड़िया, बलबीर सिंह पंवार, राजपाल सिंह, महेश कुकरेती, लाल चंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
