DEHRADUNDM DEHRADUN

दूरस्थ तहसील अटाल के 300 गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा, डीएम की पहल से सीएसआर फंड से मिली सहायता

दूरस्थ तहसील अटाल के 300 गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा, डीएम की पहल से सीएसआर फंड से मिली सहायता

देहरादून, 21 दिसंबर 2025
जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सर्वसुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले की दूरस्थ तहसील त्यूणी अंतर्गत ग्राम एवं पोस्ट अटाल के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

ग्राम अटाल क्षेत्र में निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहे एक एनजीओ द्वारा जिलाधिकारी सविन बंसल के समक्ष यह अनुरोध किया गया था कि क्षेत्र के अनेक मेधावी बच्चे आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यूजीवीएनएल द्वारा सीएसआर फंड के अंतर्गत 4.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं आवंटित की गई है। इस धनराशि से ग्राम अटाल क्षेत्र के लगभग 300 आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिलेगा।

इस पहल से न केवल दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुदृढ़ होगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का समान अवसर प्राप्त होगा। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी एवं शिक्षा आधारित प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि “शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और आर्थिक स्थिति किसी भी बच्चे की प्रतिभा के विकास में बाधा नहीं बननी चाहिए। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को भी समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *