देहरादून में 54 आंगनबाड़ी केंद्र बने मॉडर्न प्ले स्कूल
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बड़ा कदम: देहरादून में 54 आंगनबाड़ी केंद्र बने मॉडर्न प्ले स्कूल
देहरादून, 21 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन ने जिला योजना वर्ष 2024-25 के अंतर्गत जनपद के 54 ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल की तर्ज पर मॉडर्न स्वरूप प्रदान किया है। इन केंद्रों के ट्रांसफॉर्मेशन एवं मॉडर्नाइजेशन का कार्य लघु सिंचाई विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था के रूप में किया गया है।





जिलाधिकारी सविन बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के प्रयासों से एकीकृत बाल विकास सेवा योजना के अंतर्गत विकासखंड रायपुर, डोईवाला, सहसपुर, कालसी, विकास नगर एवं चकराता में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके।
विकासखंडवार विवरण के अनुसार रायपुर में 2, डोईवाला में 8, सहसपुर में 4, कालसी में 8, विकास नगर में 8 तथा चकराता में 24 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडर्न प्ले स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2025-26 में 150 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों के ट्रांसफॉर्मेशन एवं मॉडर्नाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिस पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
लघु सिंचाई विभाग द्वारा सभी केंद्रों में मरम्मत कार्य, आंतरिक एवं बाह्य दीवारों की आकर्षक चित्रों के साथ रंगाई-पुताई की गई है। बच्चों की बेहतर लर्निंग सुविधा हेतु सभी केंद्रों में स्मार्ट टीवी, स्मार्ट लर्निंग कंटेंट, खेल सामग्री, खिलौने, रंगीन कारपेट, प्लास्टिक कुर्सियां, राउंड टेबल उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं नियमित पोषण आहार की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
इन आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल की तर्ज पर स्मार्ट एवं सुविधायुक्त बनाकर बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल से अभिभावकों में भी संतोष देखा जा रहा है।
अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विनय कुमार सिंह ने बताया कि चकराता विकासखंड के कोटा-तपलाड, धारौपुडिया, मंझगांव, खन्नाड, रडू, खबऊ, चान्जोई, कुनवा, खारसी एवं नाईली आंगनबाड़ी केंद्रों का ट्रांसफॉर्मेशन कार्य अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इन आंगनबाड़ी केंद्रों में केवल भवन मरम्मत ही नहीं, बल्कि स्मार्ट कंटेंट के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षण सुविधा भी प्रदान की गई है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि वर्ष 2024-25 की जिला योजना के अंतर्गत 54 आंगनबाड़ी केंद्रों का सफलतापूर्वक ट्रांसफॉर्मेशन किया गया है, जबकि वर्ष 2025-26 में 150 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडर्नाइज करने की योजना पर कार्य किया जाएगा।
