Mussoorie-Dehradun Development Authorityमसूरी अटल उद्यान

मसूरी अटल उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का गरिमामय लोकार्पण

मसूरी अटल उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का गरिमामय लोकार्पण

मसूरी, 21 दिसंबर 2025।
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा मसूरी स्थित अटल उद्यान में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रतिमा राष्ट्र के प्रति अटल जी के अतुलनीय योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का स्थायी प्रतीक है।

प्रतिमा का लोकार्पण महेंद्र भट्ट, माननीय सांसद (राज्यसभा) एवं प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर गणेश जोशी, माननीय मंत्री, कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखंड सरकार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे, जिन्होंने वैचारिक दृढ़ता, संवेदनशीलता और संवाद की संस्कृति के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे ऐतिहासिक नगर में अटल जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

माननीय मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी की ऐतिहासिक भूमिका रही है। यह प्रतिमा केवल एक स्थापत्य संरचना नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान की जीवंत स्मृति है। उन्होंने मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए सराहना की।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि अटल उद्यान में स्थापित यह प्रतिमा मसूरी नगर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गरिमा को और सुदृढ़ करेगी तथा यह स्थल अब पर्यटन के साथ-साथ विचार और प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित यह प्रतिमा उच्च गुणवत्ता की सामग्री से तैयार की गई है। इसके साथ अटल उद्यान का सौंदर्यीकरण भी किया गया है, जिससे यह स्थान स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि यह प्रतिमा अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। वहीं उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य आधारभूत विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं वैचारिक विरासत का संरक्षण भी है।

कार्यक्रम के अंत में मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *