रिस्पना पुल पर चलती कार में लगी आग, पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा
रिस्पना पुल पर चलती कार में लगी आग, पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा
देहरादून।
देहरादून के व्यस्त रिस्पना पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती एक कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चार युवक, जो मूल रूप से हल्द्वानी के निवासी बताए जा रहे हैं, छिद्रवाला की ओर से आ रहे थे।
आग लगते ही युवकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि कार सवार युवक आयुष एकेडमी से क्रिकेट अभ्यास कर लौट रहे थे और सभी खिलाड़ी हैं। अचानक वाहन में आग लगने से पुल पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि कार को नुकसान पहुंचा है। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया जा रहा है तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
