महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला अभियुक्त 24 घंटे में गिरफ्तार
देहरादून।
महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

थाना प्रेमनगर में वादिनी/पीड़िता, निवासी जनपद मथुरा (उत्तर प्रदेश) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अभियुक्त रोहित कुमार पुत्र सुरेंद्र प्रसाद, निवासी ग्राम देवन विगहा, शाहपुर, थाना नगर, जिला नवादा (बिहार), उम्र लगभग 24 वर्ष, सिहनीवाला स्थित एक शिक्षण संस्थान में वर्ष 2024 में फार्मेसी का छात्र था। पीड़िता की अभियुक्त से स्नैपचैट के माध्यम से पहचान हुई थी।
आरोप है कि अभियुक्त ने पीड़िता को बालाजी धाम के पास झाझरा, प्रेमनगर स्थित एक किराए के कमरे में कुछ दिनों तक रखा और शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी सितंबर 2025 तक शादी का आश्वासन देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए जाते रहे। जब पीड़िता ने विवाह की बात की, तो अभियुक्त ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 201/2025, धारा 351(2)/352/69 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रोहित कुमार को दिनांक 21 दिसंबर 2025 को प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के पश्चात अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
रोहित कुमार पुत्र सुरेंद्र प्रसाद,
निवासी – ग्राम देवन विगहा, शाहपुर, थाना नगर, जिला नवादा, बिहार।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
महिला उपनिरीक्षक मालिनी
एएसआई बालकृष्ण देवली
कांस्टेबल रवि शंकर
कांस्टेबल रोबिन
कांस्टेबल जसवीर
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
