डीएम ने रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, नगर निगम को दिए आवश्यक निर्देश
डीएम ने रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, नगर निगम को दिए आवश्यक निर्देश
शौचालय, पेयजल, प्रकाश व बिस्तर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हों: डीएम
देहरादून, 23 दिसंबर 2025
जिलाधिकारी सविन बंसल ने शीतलहर के दृष्टिगत लालपुल स्थित नगर निगम के रैनबसेरा का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैनबसेरा में ठहरने वाले निराश्रित व्यक्तियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बीते एक सप्ताह से प्रतिदिन लगभग 15 से 19 निराश्रित व्यक्ति रैनबसेरा में रात्रि विश्राम कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने रैनबसेरा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा निराश्रितों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शहर के सभी रैनबसेरों में शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने शीतलहर को देखते हुए यह भी निर्देश दिए कि निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों को रैनबसेरों में सुरक्षित रूप से ठहराया जाए तथा शहर के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शीतकाल में निराश्रितों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नमामी बंसल, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
