DEHRADUNDM DEHRADUN

अवैध अतिक्रमण पर मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस, जिला प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के विरुद्ध देहरादून में संयुक्त ऑपरेशन शुरू

देहरादून, 30 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में आमजन को सुगम व सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन ने देहरादून शहर में अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध व्यापक संयुक्त अभियान शुरू किया। मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान फुटपाथ एवं सड़कों पर अवैध रूप से खड़े सैकड़ों दोपहिया व चौपहिया वाहनों को जब्त कर चालान किए गए।

प्रमुख चौराहों और सड़कों पर सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने घंटाघर, राजपुर रोड, ऐस्लेहॉल, दर्शन लाल चौक, कनक चौक, लैंसडाउन चौक एवं चकराता रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ व सड़कों पर खड़े वाहनों के चालान किए। साथ ही फुटपाथ पर अवैध रूप से संचालित ठेली-रेहड़ी एवं मैकेनिकल दुकानों का सामान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

दुकानदारों व वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी

खाने-पीने की दुकानों के बाहर डस्टबिन न रखने पर संबंधित दुकानदारों के चालान किए गए। नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों पर मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में चालान की कार्रवाई की जा रही है, किंतु दोबारा वाहन फुटपाथ पर पाए जाने पर पंजीकरण निरस्त किए जाने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

दुर्घटनाओं व यातायात बाधाओं पर सीधा प्रहार

फुटपाथ पर संचालित मैकेनिकल शॉप्स, अवैध पोस्टर-बैनर तथा सड़क पर अवरोधक सामग्री को हटाकर यातायात सुचारू किया गया। प्रशासन ने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए हैं और इन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अभियान रहेगा लगातार जारी

जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जनमानस को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा मिल सके।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

संयुक्त अभियान में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, आरटीओ संदीप सैनी, आरटीओ अनिता चमोला, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार प्रदीप नेगी सहित नगर निगम, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *