डीएम की सख्ती से वर्षों बाद खुला ISBT का निकासी गेट, दिल्ली–यूपी जाने वाली बसों को मिली राहत
डीएम की सख्ती से वर्षों बाद खुला ISBT का निकासी गेट, दिल्ली–यूपी जाने वाली बसों को मिली राहत
यातायात में बाधक NH का पुराना कार्यालय भवन ध्वस्त, चुंगी शिफ्ट
सड़क किनारे व फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग निर्माण जल्द

देहरादून | 31 दिसंबर 2025 |
जिलाधिकारी श्री सविन बंसल की सख्त कार्यवाही के बाद वर्षों से बंद पड़ा आईएसबीटी (ISBT) का निकासी गेट आखिरकार खोल दिया गया है। डीएम के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में निकासी गेट पर बने अवैध व अस्थायी निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिससे अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ एवं अन्य राज्यों की ओर जाने वाली बसों की आवाजाही सुचारु हो गई है। इससे आईएसबीटी परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है।
अस्थायी निर्माण व चुंगी बनी थी जाम की बड़ी वजह
आईएसबीटी के निकासी गेट पर वर्षों से अस्थायी निर्माण एवं चुंगी स्थापित थी, जिसके कारण बसों की निकासी बाधित हो रही थी। जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त लहजे में गेट खोलने के निर्देश दिए गए। डीएम की सख्ती के बाद प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाया और चुंगी को अन्यत्र शिफ्ट किया।
दिल्ली–यूपी के लिए अलग निकासी गेट से यातायात हुआ सुगम
अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसें इसी निकासी गेट से बाहर निकल रही हैं, जिससे आईएसबीटी परिसर में वाहनों का दबाव कम हुआ है और यातायात संचालन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुव्यवस्थित हो गया है।
यातायात में बाधक NH का पुराना भवन ध्वस्त
आईएसबीटी निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के खाली पड़े पुराने कार्यालय भवन को यातायात में बाधक बताते हुए ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में उक्त भवन को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में सड़क चौड़ी हुई है और यातायात प्रवाह में सुधार आया है।
पार्किंग व्यवस्था होगी सुदृढ़
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को फ्लाईओवर के नीचे बने अव्यवस्थित कट को बंद कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित कट बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे कलर पार्किंग तथा आईएसबीटी सड़क किनारे उपलब्ध खाली भूमि पर टाइल्स बिछाकर पार्किंग निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इससे अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगेगी और जाम की समस्या से आमजन को राहत मिलेगी।
समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सभी विकास एवं यातायात सुधार कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को स्थायी रूप से जाम से निजात मिल सके।
