District Hospital CoronationDM DEHRADUNHealth

जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार

जनमानस को जल्द मिलेगा जिला अस्पताल का अपना ब्लड बैंक

ब्लड बैंक निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी

स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में सुविधाएं दोगुनी

मा. मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन व जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार

एसएनसीयू में अब तक 491 से अधिक नवजातों का सफल उपचार

देहरादून, 03 जनवरी 2026

जिला प्रशासन देहरादून के सतत प्रयासों से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। मा. मुख्यमंत्री के कड़े निर्णय, स्पष्ट मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी सविन बंसल की प्रभावी निगरानी के परिणामस्वरूप विकास कार्य तेज़ी से धरातल पर उतर रहे हैं। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय कोरोनेशन ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक ब्लड बैंक

जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में ₹142.91 लाख की लागत से अत्याधुनिक ब्लड बैंक का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर प्रगति पर है। ब्लड बैंक की स्थापना जिलाधिकारी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रही है। नियमित मॉनिटरिंग एवं शासन स्तर पर समन्वय के फलस्वरूप इसी वित्तीय वर्ष में जिला चिकित्सालय को अपना ब्लड बैंक प्राप्त हो जाएगा। इसके संचालन से मरीजों व तीमारदारों को रक्त की उपलब्धता हेतु भटकना नहीं पड़ेगा तथा आपात स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित होगा।

मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सशक्तिकरण

जिलाधिकारी के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय में मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हुई हैं। 12 नवंबर 2024 को 6 बेड से प्रारंभ हुई स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) वर्तमान में दोगुनी क्षमता के साथ संचालित की जा रही है। एसएनसीयू का विस्तारीकरण ₹17.03 लाख की लागत से किया गया है। यूनिट में दो मदर वार्ड स्टाफ रूम तथा 24×7 सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे सुरक्षा एवं निगरानी और अधिक सुदृढ़ हुई है।

नवजातों को मिल रहा जीवनदायी उपचार

एसएनसीयू के संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट है। प्रारंभिक अवधि में 51 नवजातों को उपचार का लाभ मिला, जबकि जनवरी 2025 से वर्तमान तक 440 से अधिक नवजातों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा चुका है।

नवजातों के परिवहन एवं आवश्यकतानुसार उच्च स्तरीय जांच हेतु अन्य चिकित्सालयों में रेफर करने के लिए एक डेडिकेटेड वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसी क्रम में नवजातों को ईको परीक्षण हेतु कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जिससे समय पर विशेषज्ञ देखभाल सुनिश्चित हो सकी।

अन्य सुविधाएं भी अंतिम चरण में

ब्लड बैंक के अतिरिक्त जिला चिकित्सालय में ऑटोमेटेड पार्किंग एवं आधुनिक कैंटीन का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। मरीजों व तीमारदारों की सुविधा के लिए एक डेडिकेटेड ‘रक्त गरुड़’ इलेक्ट्रिक वाहन भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे रक्त के आवागमन में सुगमता आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *