फर्जी UPSC रिजल्ट के आधार पर एल.बी.एस. में ट्रेनिंग का प्रयास
फर्जी UPSC रिजल्ट के आधार पर एल.बी.एस. में ट्रेनिंग का प्रयास
कोतवाली मसूरी की सतर्कता से बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
देहरादून/मसूरी, 03 जनवरी 2026

आज दिनांक 03/01/2026 को एल.बी.एस. प्रशासन, मसूरी द्वारा कोतवाली मसूरी को सूचना दी गई कि एक व्यक्ति फर्जी यूपीएससी रिजल्ट के आधार पर एल.बी.एस. में प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) प्राप्त करने हेतु परिसर में उपस्थित हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली मसूरी से वरिष्ठ उप निरीक्षक तत्काल पुलिस बल के साथ एल.बी.एस. परिसर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए LIU मसूरी एवं IB टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मौके पर उपस्थित युवक से पूछताछ करते हुए उसके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त युवक स्वयं धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। युवक फर्जी यूपीएससी परिणाम के आधार पर अपने माता-पिता एवं आवश्यक दैनिक सामान सहित एल.बी.एस. में ट्रेनिंग हेतु पहुंचा था।
तत्पश्चात युवक को आवश्यक पूछताछ के लिए कोतवाली मसूरी लाया गया। विस्तृत पूछताछ में जानकारी मिली कि युवक उच्च शिक्षित है तथा वर्तमान में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। पूछताछ के दौरान युवक द्वारा इस संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि Pushpesh Singh पुत्र राकेश कुमार सिंह, निवासी अरियॉव, पोस्ट फुलवरिया ताजपुर, थाना दाउतपुर, जिला सारण, बिहार, हाल पता Plot No. 601, Sector-21, Mulla Hera, Pocket-C(E), Sector-21, गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा यूपीएससी परीक्षा दिलाने के नाम पर युवक से ₹13,000 नकद एवं ₹14,564 ऑनलाइन (UPI) कुल ₹27,564 रुपये प्राप्त किए गए तथा बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी UPSC रिजल्ट भेजकर धोखाधड़ी की गई।
चूंकि उक्त आपराधिक प्रकरण का संबंध गुरुग्राम, हरियाणा से है, अतः कोतवाली मसूरी में मु०अ०सं० (जीरो) 00/2026, धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है, जिसे अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही हेतु संबंधित राज्य को प्रेषित किया जाएगा।
कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार के परीक्षा परिणाम, नियुक्ति या प्रशिक्षण संबंधी सूचना की सत्यता की विधिवत पुष्टि किए बिना किसी प्रकार का भुगतान न करें।
