प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रेमनगर में महिला कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर भाजपा की महिला विधायकों की चुप्पी शर्मनाक: धस्माना
देहरादून।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में संलिप्त वीवीआईपी के खुलासे के बाद मामले की अग्रिम जांच सीबीआई से सुप्रीम कोर्ट अथवा हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराए जाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रेमनगर में आयोजित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में भाजपा पर तीखा हमला बोला।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि आज पूरा उत्तराखंड सड़कों पर है, लेकिन कैंट विधानसभा की महिला विधायक सविता कपूर समेत भाजपा की सभी महिला विधायक शर्मनाक तरीके से चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह चुप्पी भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे नारों की खोखलापन उजागर करती है।


श्री धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में संलिप्त वीवीआईपी के नाम की पुष्टि की मांग को लेकर कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में सीबीआई जांच की मांग की है। यहां तक कि भाजपा के हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व मंत्री व पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रह चुकी भाजपा की पूर्व विधायक ने भी नए खुलासों के बाद सीबीआई जांच की मांग की है, इसके बावजूद सरकार और भाजपा ने आंख-कान बंद कर रखे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से भाजपा की एकमात्र महिला सांसद, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, मंत्री रेखा आर्य, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल, महिला आयोग और अन्य महिला जनप्रतिनिधियों की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का महिला विभाग पहले दिन से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे।
इस दौरान श्री धस्माना ने महिला कार्यकर्ताओं से अपील की कि आने वाले दिनों में चुनाव आयोग द्वारा कराए जाने वाले एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान के दौरान पार्टी के बूथ लेवल एजेंट और सरकारी बीएलओ के साथ घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र महिला मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से न हटे।
कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस की महामंत्री सुशीला शर्मा ने श्री धस्माना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा महिला कार्यकर्ताओं का परिवार की तरह सम्मान करते हैं और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहते हैं। प्रेमनगर के चारों वार्डों की अध्यक्ष संगीता शासन, ज्योति चौधरी, सायरा बानो और सरोज भाटिया ने श्री धस्माना को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस सुमित खन्ना एवं प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने उपस्थित सभी महिला कार्यकर्ताओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बैठक में चमेली यादव, प्रिया दूबे, रंजना यादव, मुन्नी देवी, एडवोकेट आभा क्षेत्री, गुलशन जहां, भोपाली चौहान, नीलम थापा, बिना थापा, वैशाली चड्ढा, वीरेश शर्मा, अमीचंद सोनकर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
