ग्रीन बिल्डिंग की सुस्त रफ्तार पर भड़के डीएम सविन बंसल, अधिकारियों को लगाई फटकार
जून 2026 तक हर हाल में निर्माण पूर्ण करने का अल्टीमेटम
देहरादून, 07 जनवरी 2026
हरिद्वार रोड स्थित स्मार्ट सिटी लिमिटेड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग कार्यों की प्रगति को लेकर बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रीन बिल्डिंग मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को तमाशा न बनाएं और निर्धारित समयसीमा जून 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
वर्क चार्ट और लेबर प्लान पर संतोषजनक जवाब नहीं
समीक्षा के दौरान जब जिलाधिकारी ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं कार्यदायी संस्था से वर्क चार्ट, लेबर प्लान और मटीरियल प्लान की जानकारी मांगी, तो अधिकारी संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ नजर आए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आज ही संशोधित पर्ट चार्ट (PERT Chart), लेबर प्लान और मटीरियल प्लान प्रस्तुत किए जाएं।

उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि संशोधित पर्ट चार्ट के अनुसार डबल शिफ्ट में कार्य कराते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
लेबर की कमी पर नाराजगी
बैठक में कार्यदायी संस्था सीपीडब्लूडी द्वारा बताया गया कि स्वीकृत 175 श्रमिकों के सापेक्ष वर्तमान में केवल 125 श्रमिक कार्यरत हैं। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि अब तक ग्रीन बिल्डिंग का लगभग 36 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है, जबकि बीते एक माह में मात्र 10 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्थिति में जून 2026 की समयसीमा आगे नहीं बढ़ेगी।
गुणवत्ता, पर्यावरण और सुरक्षा पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों, पर्यावरण अनुकूल तकनीकों और श्रमिक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मैन, मटीरियल और थर्ड पार्टी गुणवत्ता से संबंधित रिपोर्ट तलब करते हुए साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
फाइलों तक सीमित न रहे मॉनिटरिंग
डीएम सविन बंसल ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि फाइलों पर चिड़िया बैठाने तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थल पर जाकर निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी तीरथ पाल सिंह, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कृष्णा चमोला, चीफ इंजीनियर देवेंद्र प्रकाश, वित्त नियंत्रक सैफाली रानी, सीपीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
