घंटाघर के निकट एचएनबी कॉम्प्लेक्स में अवैध अतिक्रमण ध्वस्त, जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई
देहरादून:
मा0 मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त किए जाने के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने देहरादून शहर के प्रमुख घंटाघर क्षेत्र स्थित एचएनबी कॉम्प्लेक्स, एमडीए क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को हटाया गया।

प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
