15 जनवरी से वृद्धजनों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय सुविधा
देहरादून।
राजधानी देहरादून के रायवाला स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह में आगामी 15 जनवरी से निःशुल्क आवासीय सुविधा नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इसके लिए आवास, रहन-सहन और भोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


इस वृद्धाश्रम में 25 वृद्ध एवं अशक्त व्यक्तियों के लिए निःशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से निःशुल्क आवासीय सुविधा से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7500351411 भी जारी किया गया है, जिस पर वृद्धजन अथवा उनके परिजन फोन के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन देहरादून एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा भोजन व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। इसके तहत 15 जनवरी से आवास गृह में रहने वाले वृद्धजनों को निःशुल्क, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि भोजन व्यवस्था से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक पांच वृद्धजनों का पंजीकरण हो चुका है, जो यहां रहने के इच्छुक हैं। वर्तमान में इस आवास गृह में 25 वृद्धजनों के रहने की व्यवस्था है, और सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी की गई है।
