दून पुलिस की सतर्कता से वाहन चोर गिरफ्तार, दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा
देहरादून:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की कुशल रणनीति के तहत दून पुलिस ने वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई दो स्कूटी भी बरामद की हैं।
कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। पहली घटना दिनांक 30 दिसंबर 2025 की है, जिसमें वादिनी शीतल शर्मा, निवासी अनुपम विहार, पटेलनगर की स्कूटी संख्या UK07DA7413 चोरी हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0-724/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
दूसरी घटना दिनांक 09 जनवरी 2026 को सामने आई, जिसमें वादी आरिश सिद्दक्की, निवासी नहटौर, बिजनौर (उ.प्र.) की स्कूटी संख्या UP20AU1306 पटेलनगर क्षेत्र से चोरी हो गई। इस मामले में मु0अ0सं0-11/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 09 जनवरी 2026 को अभियुक्त कन्हैया पुत्र अमर सिंह, निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर (उम्र 25 वर्ष) को फल मंडी निरंजनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। अभियुक्त चोरी की गई स्कूटियों को बाहरी राज्यों में बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की गई स्कूटियाँ बरामद कर लीं।
बरामदगी विवरण:
स्कूटी संख्या UK07DA7413 (एक्टिवा)
स्कूटी संख्या UP20AU1306 (एक्टिवा)
पुलिस टीम में शामिल:
निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर
उप निरीक्षक ओमवीर सिंह
कांस्टेबल विकास कुमार
कांस्टेबल राजदीप मलिक
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
