यमकेश्वर में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, मनरेगा को कमजोर करने का आरोप
यमकेश्वर में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, मनरेगा को कमजोर करने का आरोप
..

बिथ्याणी गांव में प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा – गरीबों की जीवनरेखा से कर रही है भाजपा सरकार खिलवाड़
न्यूज़..

यमकेश्वर ब्लॉक के बिथ्याणी गांव में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें देश की जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूत करने के बजाय उन्हें कमजोर करने का काम कर रही हैं।
विकास नेगी ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना यानी मनरेगा, ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन भाजपा सरकार इसके बजट में कटौती कर इसे धीरे-धीरे खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण इलाकों में न तो समय पर काम दिया जा रहा है और न ही मजदूरों को उनकी मजदूरी समय से मिल पा रही है। कई मामलों में मजदूरी महीनों तक लंबित रहती है, जिससे गरीब परिवारों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी खामियों के नाम पर मजदूरों के जॉब कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं, जिससे हजारों परिवार रोजगार से वंचित हो रहे हैं। यह सीधे तौर पर गरीबों के अधिकारों पर हमला है।
विकास नेगी ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजनाओं को कमजोर करना भाजपा की सोच को दर्शाता है, जबकि कोरोना काल में मनरेगा ने करोड़ों लोगों को भुखमरी से बचाया था।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि मनरेगा का बजट बढ़ाया जाए, मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाए।
