कैंट क्षेत्र से लापता 03 नाबालिक बच्चों को दून पुलिस ने बागपत (उ.प्र.) से सकुशल किया बरामद
देहरादून।
महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर दून पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। कोतवाली कैंट क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिक बच्चों को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद से सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 को एक महिला द्वारा कोतवाली कैंट में लिखित सूचना दी गई कि दिनांक 08 जनवरी 2026 को उनका 17 वर्षीय भाई अपने दो अन्य मित्रों (उम्र 16 वर्ष एवं 13 वर्ष) के साथ घर से खेलने के बहाने निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। सूचना के आधार पर कोतवाली कैंट पर तत्काल मु0अ0सं0–07/26 धारा 137(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा नाबालिकों की शीघ्र बरामदगी हेतु कोतवाली कैंट में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गठित टीमों द्वारा सभी संभावित स्थानों पर तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों बच्चे देहरादून से ट्रेन के माध्यम से हरिद्वार पहुंचे हैं। इस पर पुलिस टीम तत्काल हरिद्वार रवाना हुई और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हर की पौड़ी सहित अन्य स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से बच्चों की तलाश की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि तीनों बच्चे बस के माध्यम से दिल्ली की ओर चले गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बागपत, उत्तर प्रदेश से तीनों नाबालिक बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

बच्चों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे बिना बताए हरिद्वार घूमने चले गए थे। वापसी के दौरान देहरादून जाने के लिए वे गलती से गलत बस में बैठ गए, जिससे वे बागपत पहुंच गए।
बरामद किए गए तीनों नाबालिकों को सुरक्षित रूप से देहरादून लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने दून पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
