ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन का फैसला, 24 जनवरी को शिक्षण संस्थान बंद
देहरादून में 24 जनवरी 2026 को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून की ओर से जारी किया गया है।

दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मध्यम से भारी वर्षा के चलते भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों को 24 जनवरी को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
