24 घंटे में चेन स्नेचिंग का खुलासा, Blinkit डिलीवरी बॉय निकला आरोपी
24 घंटे में चेन स्नेचिंग का खुलासा, Blinkit डिलीवरी बॉय निकला आरोपी
देहरादून | 26 जनवरी 2026
राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी Blinkit का डिलीवरी बॉय निकला।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी को गणेश दत्त बहुगुणा निवासी नथुवावाला ढांग ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया कि उनकी माताजी श्रीमती कुन्ती देवी सुबह पैदल अपने रिश्तेदारों के यहां जा रही थीं। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल सवार युवक ने शिव मंदिर ढांग के पास झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी सचिन को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.5 लाख बताई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रिंग रोड स्थित Blinkit एजेंसी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह डिलीवरी के दौरान अकेले आने-जाने वाली महिलाओं की रेकी करता था। अपने महंगे शौक और बढ़ते कर्ज के कारण उसने स्नेचिंग की योजना बनाई। वारदात के बाद वह मंगलसूत्र बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
सचिन पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी रसूलपुरकला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उ.प्र.)
हाल पता – जोगीवाला, रिंग रोड, देहरादून
उम्र – 30 वर्ष
बरामदगी:
➡ छीना गया मंगलसूत्र (अनुमानित कीमत ₹1,50,000)
पुलिस टीम:
उ0नि0 सुनील नेगी, हे0कां0 दीप प्रकाश, कां0 प्रेम पंवार, कां0 मुकेश कनाडाई, कां0 किशन पाल
पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
