देहरादून में मनाया जाएगा ‘यूसीसी दिवस’, राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम धामी करेंगे शिरकत
देहरादून, 26 जनवरी 2026
उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की वर्षगांठ के अवसर पर 27 जनवरी 2026 को ‘समान नागरिक संहिता दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला, देहरादून में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।


कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र सोमवार को गृह सचिव शैलेश बगौली, आईजी निवेदिता कुकरेती तथा जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
गृह सचिव ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है, जो प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यूसीसी के लागू होने से सामाजिक समानता, न्याय और सुशासन को सुदृढ़ आधार मिला है। साथ ही सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित होने से राज्य में एकरूपता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य मंच, सभागार, साउंड सिस्टम, बैठक व्यवस्था, सूक्ष्म जलपान, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, परिवहन, पार्किंग और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर सचिव गृह एवं कारागार तृप्ति भट्ट, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम 27 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे नीबूंवाला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें बार काउंसिल, स्थानीय बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के विधि छात्र तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों में आयोजित वाद-विवाद, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन को सहभागितापूर्ण बनाने के लिए ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई है।
