गणतंत्र दिवस पर डीएम सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, कर्मचारियों को किया सम्मानित
देहरादून, 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।




जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी लोकतंत्र के सशक्त अंग हैं, जिनकी जिम्मेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप राज्य और देश को आगे बढ़ाने की है।
उन्होंने कहा कि एक लोक सेवक के रूप में अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है कि वे जिले, राज्य और राष्ट्र के विकास के लिए पूर्ण मनोबल और ईमानदारी से कार्य करें। उनका लक्ष्य आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत संरचना विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी सहेजना होना चाहिए। भारत विविधताओं का देश है—यहां की बोली, भाषा और संस्कृति हर क्षेत्र में अलग है, जो इसकी शक्ति है।
जिलाधिकारी ने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रशासनिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से ही संभव है। साथ ही जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इन कर्मचारियों को किया गया सम्मानित:
श्रीमती रजनी नेगी, श्रीमती शशि उनियाल, श्रीमती निर्मला पंत, श्रीमती हेमा बिष्ट, श्रीमती सरिता डबराल, कैलाश पाण्डेय, हरी शंकर, सर्वेन्द्र सिंह नेगी, अजय रावत, श्रीमती किरन रानी, विपुल बहुगुणा, आशीष जोशी, अनुज कुमार, सुश्री निधि टम्टा, दिनेश वर्मा, अमित भट्ट, गौरव रावत, श्रीमती शमीम अंजुम जैदी (उर्दू अनुवादक), श्रीमती जगदम्बा रतूड़ी, जोगेन्द्र सिंह, योगेश सुन्दरियाल, आत्मा राम शर्मा, मयंक जोशी, मनोज कुकरेती, दीवान सिंह शर्मा, बाबर खान तथा सूचना विभाग के इन्द्रेश, अभिषेक, मुकुल और सुरेन्द्र कोठारी सहित प्रान्तीय रक्षक दल, देहरादून के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी (मुख्यालय) अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, सहायक निदेशक/जिला सूचना अधिकारी बी.सी. नेगी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपिल, प्रशासनिक अधिकारी हरीश पाण्डेय सहित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
—
